बंद करे

किन्नौर कैलाश यात्रा 2026 – महत्वपूर्ण सार्वजनिक सूचना

प्रकाशित तिथि : 28/06/2026

 सभी श्रद्धालुओं को सूचित किया जाता है  किन्नौर कैलाश यात्रा 2026 का आयोजन 17 अगस्त 2026 से 23 अगस्त 2026 तक पूर्वनी गांव से किया जाएगा। इसके लिए सभी श्रद्धालुओं को पूर्वनी गांव पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रत्येक दिन अधिकतम 50 श्रद्धालु प्रत्यक्ष पंजीकरण के माध्यम से यात्रा प्रारंभ कर सकेंगे।

पूर्वनी मार्ग से यात्रा करने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुचारु व्यवस्था के लिए निम्नलिखित दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए हैं—

1. पंजीकरण का समय: प्रातः 7:00 बजे से 10:00 बजे तक रहेगा।

2. पंजीकरण स्थल : पूर्वनी बस अड्डे के समीप स्थित पशुपालन विभाग के मैदान के पास बनाए गए पंजीकरण केंद्र पर पंजीकरण किया जाएगा।

3. स्वास्थ्य परीक्षण एवं हरित कर की प्रक्रिया पंजीकरण केंद्र पर ही पूरी की जाएगी।

4. पंजीकरण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।

5. प्रातः 10:30 बजे के बाद किसी भी श्रद्धालु का पंजीकरण नहीं किया जाएगा।

6. पंजीकरण के उपरांत श्रद्धालुओं को निर्धारित वाहनों के माध्यम से पानोसंतंग तक जाना होगा।

7. पंजीकरण केंद्र से प्रत्येक 15 मिनट के अंतराल पर वाहन पानोसंतंग के लिए रवाना होंगे।

8. प्रत्येक वाहन में अधिकतम  12 श्रद्धालुओं का दल रहेगा।

9. पानोसंतंग जाने का वाहन किराया ₹200 तथा वापसी का किराया ₹100 निर्धारित है।

10. लगभग 10:30 बजे पंजीकरण केंद्र से रवाना होने वाला वाहन लगभग 11:30 बजे पानोसंतंग पहुंचेगा।

11. पानोसंतंग में श्रद्धालुओं के भोजन की सुविधा हेतु भोजनालय उपलब्ध है, जहां राजमा-चावल, मैगी आदि खाद्य सामग्री उपलब्ध रहेगी।

12. पानोसंतंग पहुंचने के पश्चात संबंधित मार्गदर्शक श्रद्धालुओं के दल को पानोसंतंग से डंगलीदेन तक लेकर जाएगा।

13. पानोसंतंग से डंगलीदेन तक पहुंचने में लगभग 3 से 4 घंटे का समय लग सकता है।

14. डंगलीदेन पहुंचने के बाद श्रद्धालु रात्रि लगभग 1:30 बजे गुफा की ओर यात्रा प्रारंभ करेंगे।

15. दर्शन के उपरांत श्रद्धालु अपनी सुविधा एवं परिस्थितियों के अनुसार डंगलीदेन में रात्रि विश्राम कर सकते हैं अथवा पूर्वनी की ओर वापस लौट सकते हैं।

16. श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता एवं बचाव कार्य हेतु पुलिस एवं गृह रक्षक दल की टीमें डंगलीदेन तथा गुफा, दोनों स्थानों पर तैनात की गई हैं।

 महत्वपूर्ण सूचना

सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि निर्धारित समय के भीतर पंजीकरण केंद्र पर पहुंचें तथा यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। यात्रा के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों के साथ आवश्यक समन्वय बनाए रखें।

सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुचारु यात्रा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मेडिकल प्रपत्र (फ़ॉर्म) के लिए यहाँ क्लिक करें  :>>>मेडिकल जाँच का निर्धारित फॉर्म किन्नौर कैलाश यात्रा 2026 के लिए

आप सभी से अनुरोध है कि सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने हेतु निम्नलिखित दिशा-निर्देशों का पालन करें:-

क्या करें (DO’s)
1. यात्रा प्रारम्भ करने से पूर्व अपना पंजीकरण अनिवार्य रूप से करवाएं तथा पंजीकरण प्रमाण-पत्र अपने साथ रखें।
2. वैध चिकित्सा फिटनेस प्रमाण-पत्र साथ लाएं एवं निर्धारित स्वास्थ्य जांच अवश्य करवाएं। पूर्णतः स्वस्थ होने पर ही यात्रा करें।
3. यात्रा सदैव समूह में करें तथा स्थानीय गाइड अथवा प्रशासन द्वारा निर्धारित निर्देशों का पालन करें।
4. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धीरे-धीरे चढ़ाई करें तथा सांस फूलने, चक्कर आने अथवा अस्वस्थता महसूस होने पर तुरंत विश्राम करें।
5. गर्म कपड़े, रेनकोट/बरसाती, छाता, मजबूत ट्रैकिंग जूते, टॉर्च, पानी की बोतल, आवश्यक दवायां एवं ट्रैकिंग स्टिक अपने साथ अवश्य रखें।
6. केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं चिन्हित यात्रा मार्ग का ही उपयोग करें।
7. किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या अथवा आपातकालीन स्थिति में निकटतम चिकित्सा शिविर, सहायता केन्द्र अथवा प्रशासनिक अधिकारी से तुरंत संपर्क करें।
8. यात्रा मार्ग, कैंप स्थल एवं धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखें तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।
9. दुर्लभ जड़ी-बूटियों, वनस्पतियों एवं प्राकृतिक संपदा के संरक्षण में अपना योगदान दें।
10. यात्रा को धार्मिक आस्था, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक भावना के साथ सम्पन्न करें।
11. पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा स्वयं को ऊंचाई वाले वातावरण के अनुरूप ढालें।
12. मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
13. किसी भी प्रकार का दान एवं चढ़ावा केवल अधिकृत दान-पात्रों में ही अर्पित करें।
14. पहचान-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज सदैव अपने साथ रखें।
 क्या न करें (DON’Ts)
1. रात्रि के समय यात्रा अथवा ट्रैकिंग न करें।
2. बिना पंजीकरण एवं स्वास्थ्य जांच के यात्रा प्रारम्भ न करें।
3. अपने साथियों अथवा समूह से अलग न हों।
4. अत्यधिक थकान अथवा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर जबरदस्ती चढ़ाई न करें।
5. फिसलन वाले अथवा अनुपयुक्त जूते पहनकर यात्रा न करें।
6. किसी भी प्रकार के शॉर्टकट मार्ग का उपयोग न करें।
7. प्लास्टिक की बोतलें, रैपर, खाद्य अपशिष्ट अथवा अन्य कचरा इधर-उधर न फेंकें। कचरे को निर्धारित डस्टबिन में ही डालें।
8. खुले में शौच न करें तथा पर्यावरण को प्रदूषित न करें।
9. दुर्लभ जड़ी-बूटियों, पौधों एवं वन्य जीवों को नुकसान न पहुंचाएं।
10. किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ, शराब, तम्बाकू एवं नशीले पदार्थों का सेवन न करें।
11. ऊंची आवाज में संगीत बजाना, ध्वनि प्रदूषण फैलाना अथवा अनुचित व्यवहार करना प्रतिबंधित है।
12. धार्मिक स्थलों, पवित्र शिलाओं एवं शिवलिंग की पवित्रता को किसी भी प्रकार से क्षति न पहुंचाएं।
13. वन क्षेत्र में आग न जलाएं तथा धूम्रपान से बचें।
14. प्रशासन, पुलिस, वन विभाग एवं अन्य अधिकृत अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना न करें।
15. यात्रा को मनोरंजन अथवा साहसिक प्रदर्शन का माध्यम न बनाएं; अपनी एवं अन्य यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

 महत्वपूर्ण सूचना
किन्नौर कैलाश यात्रा एक उच्च हिमालयी एवं पवित्र धार्मिक यात्रा है। सभी श्रद्धालुओं से अपेक्षा की जाती है कि वे धार्मिक मर्यादाओं, पर्यावरणीय संतुलन तथा प्रशासनिक निर्देशों का पूर्ण सम्मान करें और यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
“स्वच्छ यात्रा – सुरक्षित यात्रा – पवित्र यात्रा”

 

जारीकर्ता:—
उपमण्डल दण्डाधिकारी, कल्पा एवं अध्यक्ष
किन्नौर कैलाश यात्रा आयोजन कमेटी,
स्थित रिकॉग पिओ, जिला किन्नौर, हिमाचल प्रदेश।